HomeHealth & Fitnessआउटसोर्सिंग भर्ती के नाम पर ठगी से रहें सावधान, दलालों के झांसे...

आउटसोर्सिंग भर्ती के नाम पर ठगी से रहें सावधान, दलालों के झांसे में न आएं: मेडिकल कॉलेज प्रशासन

लखीमपुर-खीरी,तरुणमित्र। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, लखीमपुर खीरी प्रशासन ने आउटसोर्सिंग भर्ती के नाम पर सक्रिय दलालों और ठगों के विरुद्ध सख्त चेतावनी जारी करते हुए अभ्यर्थियों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि महाविद्यालय में आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली भर्ती प्रक्रिया अगस्त 2025 में ही पूर्ण हो चुकी है और वर्तमान में किसी भी प्रकार की नई भर्ती नहीं की जा रही है।

प्रचार्य एवं प्रशासन की ओर से जारी प्रेस नोट में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज स्वयं किसी भी आउटसोर्स कर्मचारी की प्रत्यक्ष भर्ती नहीं करता। संस्थान केवल सेवाएं प्राप्त करने वाला विभाग (यूजर डिपार्टमेंट) है, जबकि आउटसोर्स एजेंसियों का चयन शासन स्तर पर निर्धारित पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है।

प्रेस नोट के अनुसार आउटसोर्स पदों से संबंधित विज्ञापन केवल उत्तर प्रदेश सेवायोजन पोर्टल पर अधिकृत सेवा प्रदाता एजेंसी द्वारा प्रकाशित किए जाते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी योग्यता के अनुसार केवल आधिकारिक पोर्टल पर ही आवेदन करना चाहिए। चयन प्रक्रिया शासन के निर्धारित मानकों के अनुरूप साक्षात्कार (यदि लागू हो) एवं रैंडमाइजेशन के आधार पर पूरी की जाती है।

मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या बिचौलिया संस्थान के नाम पर नौकरी दिलाने का दावा करते हुए धनराशि की मांग करता है, तो वह पूरी तरह फर्जी है। ऐसे लोगों के बहकावे में आने से बचना चाहिए।

प्रशासन ने हाल ही में सामने आए एक प्रकरण का उल्लेख करते हुए बताया कि पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद शिकायतकर्ता ही अपनी शिकायत वापस लेने लगे तथा यह भी स्पष्ट नहीं कर सके कि उन्होंने स्वयं आवेदन किया था अथवा किसी अन्य के लिए धनराशि दी थी। इससे प्रथम दृष्टया यह प्रतीत हुआ कि कुछ लोग स्वयं भी दलाली की गतिविधियों में संलिप्त थे। ऐसे मामलों में लोगों को विशेष सतर्क रहने की आवश्यकता है।

प्रशासन ने दो टूक कहा कि आउटसोर्स नौकरी के नाम पर रिश्वत देना और लेना दोनों ही गंभीर अपराध हैं। ऐसे मामलों में धन लेने और देने वाले दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अंत में मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या प्रलोभन पर विश्वास न करें तथा आउटसोर्सिंग भर्ती से संबंधित जानकारी केवल शासन द्वारा अधिकृत उत्तर प्रदेश सेवायोजन पोर्टल से ही प्राप्त करें।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments