सिद्धार्थनगर के सोनबरसा गांव में रविवार सुबह एक जंगली सुअर ने घर में घुसकर सास-बहू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर में चल रहा है। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सुअर को पीट-पीटकर मार डाला। यह घटना कठेला समय माता थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में हुई। रविवार सुबह करीब छह बजे 55 वर्षीय सावित्री देवी पत्नी अमेरिका के घर में जंगली सुअर घुस आया। सावित्री देवी ने उसे सामान्य सुअर समझकर भगाने की कोशिश की, तभी सुअर ने उन पर हमला कर दिया। सावित्री देवी के शोर मचाने पर उनकी 28 वर्षीय बहू बिन्द्रावती पत्नी राजेन्द्र उन्हें बचाने पहुंचीं। जंगली सुअर ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को तत्काल मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर ले जाया गया। मेडिकल कॉलेज में दोनों घायल महिलाओं का इलाज जारी है और उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने जंगली सुअर को घेरकर जाल में फंसा लिया और फिर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उसे मार डाला। कठेला समय माता के थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि घटना उनके संज्ञान में है और घायलों का इलाज परिजनों द्वारा कराया जा रहा है।
सोनबरसा गांव में जंगली सुअर का हमला, सास-बहू गंभीर घायल:ग्रामीणों ने सुअर को पीट-पीटकर मार डाला, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी
RELATED ARTICLES












