आदर्श नगर पंचायत डुमरियागंज में महिलाओं के लिए बना पिंक शौचालय रखरखाव की कमी के कारण परेशानी का सबब बन गया है। शौचालय परिसर में लगा इलेक्ट्रिक वाटर मोटर पंप कई दिनों से खराब है, जिससे पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इसके चलते शौचालय का उपयोग करने वाली महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोटरपंप खराब होने से पानी की टंकी में जलापूर्ति पूरी तरह रुक गई है। पानी की कमी के कारण शौचालय की नियमित सफाई नहीं हो पा रही है, जिससे परिसर में गंदगी और दुर्गंध फैलने लगी है। भीषण गर्मी के चलते यह समस्या और गंभीर हो गई है, और बाजार आने वाली महिलाओं को स्वच्छ सुविधा नहीं मिल पा रही है। पिंक शौचालय की स्थापना का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सार्वजनिक स्थानों पर सम्मानजनक, सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना था। हालांकि, मौजूदा स्थिति में यह सुविधा अपने मूल उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही है। पानी की कमी के कारण कई महिलाएं शौचालय का उपयोग करने से बच रही हैं, जिससे उनकी असुविधा बढ़ गई है। जरीना, कोमल, रीना और तबस्सुम जैसी स्थानीय महिलाओं ने बताया कि लाखों रुपये की लागत से बनी इस सुविधा का नियमित रखरखाव न होना चिंताजनक है। उनका आरोप है कि इस समस्या की जानकारी कई बार संबंधित अधिकारियों को दी गई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी नगर पंचायत प्रशासन से खराब मोटर पंप की तत्काल मरम्मत या नया पंप स्थापित करने की मांग की है। इस संबंध में डुमरियागंज के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सचिन पटेल ने बताया कि उन्हें पिंक शौचालय में मोटर पंप खराब होने की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि तकनीकी टीम को समस्या के समाधान के लिए निर्देशित कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मोटर पंप की मरम्मत की जाएगी या आवश्यकता पड़ने पर नया पंप लगाकर जलापूर्ति बहाल की जाएगी, ताकि महिलाओं को कोई असुविधा न हो।
पिंक शौचालय का मोटरपंप खराब, महिलाओं को हो रही परेशानी:अधिशाषी अधिकारी(ईओ) ने जल्द समाधान का दिया आश्वासन
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












