बहराइच के खैरीघाट थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात सातवीं मुहर्रम पर मातमी जुलूस निकाला गया। मुस्लिम समुदाय द्वारा निकाले गए इस पारंपरिक जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। देर शाम शुरू हुआ यह जुलूस रात करीब 11 बजे तक विभिन्न गांवों, बाजारों और मोहल्लों से होकर गुजरा। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘या हुसैन’ की सदाओं से गूंज उठा। जुलूस में ढोल-ताशे आगे चल रहे थे, जबकि पीछे अकीदतमंद मातम करते हुए आगे बढ़ रहे थे। हाथों में अलम लिए लोग ‘हुसैन तेरी शहादत को सलाम’ और ‘कर्बला-कर्बला’ के नारे लगा रहे थे। इस जुलूस में युवाओं के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। मजलिस के दौरान स्थानीय उलेमाओं और धर्मगुरुओं ने कर्बला की जंग और इमाम हुसैन की शहादत पर प्रकाश डाला। उन्होंने इमाम हुसैन के त्याग, बलिदान और इंसानियत के संदेश को विस्तार से बताया। धर्मगुरुओं ने कहा कि कर्बला का पैगाम सत्य, न्याय और अत्याचार के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है। जुलूस को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। अधिकारियों ने लगातार निगरानी रखी, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
खैरीघाट में सातवीं मुहर्रम पर निकला मातमी जुलूस:’या हुसैन’ की सदाओं से गूंजा इलाका, कर्बला की कुर्बानी को किया याद
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












