श्रावस्ती जनपद में बरसात शुरू होते ही ग्रामीण सड़कों की बदहाली सामने आ गई है। दिकौली गांव का संपर्क मार्ग इस समय आवागमन के लिए खतरनाक हो गया है। सड़क पर गहरे गड्ढे, कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर आना-जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इस स्थिति के लिए ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी और PWD विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। दिकौली गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह कीचड़ और पानी से भरी हुई है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढे बरसात के पानी से भर गए हैं, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। सड़क के किनारे कचरे का ढेर लगा है और जल निकासी की कोई उचित व्यवस्था नहीं है। इसी बदहाल रास्ते से होकर बच्चे स्कूल जाते हैं, किसान अपने खेतों तक पहुंचते हैं और मरीज अस्पताल जाते हैं। इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है और दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी रामसूरत वर्मा ने बताया, “यह सड़क पिछले दो साल से इसी हालत में है। हर बरसात में यहां एक-एक फीट कीचड़ जमा हो जाता है। कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो चुके हैं। हमने ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी से कई बार शिकायत की है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।” छात्रा प्रीति ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा, “स्कूल जाने में बहुत दिक्कत होती है। मेरी साइकिल कई बार कीचड़ में फंस जाती है और मैं गिरकर चोटिल भी हुई हूं। अगर समय पर सड़क नहीं बनी तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।” ग्राम प्रधान प्रतिनिधि राजेश यादव ने इस संबंध में कहा, “यह सड़क PWD विभाग की है। हमने सड़क और नाली निर्माण के लिए कई बार लिखित प्रस्ताव भेजे हैं। फंड न मिलने के कारण काम शुरू नहीं हो पा रहा है। बरसात के बाद हम मिट्टी और गिट्टी डलवाकर अस्थायी मरम्मत कराएंगे।” खंड विकास अधिकारी (BDO) जमुना ने बताया, “दिकौली मार्ग की समस्या हमारे संज्ञान में है। ग्राम पंचायत को तत्काल अस्थायी मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्थायी निर्माण के लिए PWD विभाग से समन्वय स्थापित कर प्रस्ताव भेजा जाएगा।”
दिकौली संपर्क मार्ग पर कीचड़, गड्ढे और जलभराव:ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी, हादसे का खतरा बढ़ा
RELATED ARTICLES












