HomeHealth & Fitnessनिर्माणाधीन जोनल कार्यालय सहित विभिन्न योजनाओं का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

निर्माणाधीन जोनल कार्यालय सहित विभिन्न योजनाओं का नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण

लखनऊ। गुरुवार कैसरबाग स्थित चकबस्त में निर्माणाधीन जोनल कार्यालय एवं पार्किंग, जोन-8 में सीएम ग्रिड के तहत इग्नू रीजनल सेंटर के पास बन रही सड़क और रजनी खंड में नाला निर्माण कार्य, हैबतमऊ झील परियोजना, नादरगंज स्थित कान्हा उपवन, अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत विकसित हो रहे राधा सरोवर एवं प्रेम सरोवर, अमौसी स्थित वृहद गौशाला तथा एबीसी सेंटर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने सभी परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और समयबद्धता की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा तय समय सीमा में उन्हें पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उनके साथ अपर नगर आयुक्त डॉ. अरविंद कुमार राव एवं चीफ इंजीनियर सिविल महेश वर्मा भी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने सबसे पहले कैसरबाग स्थित चकबस्त में निर्माणाधीन जोनल कार्यालय एवं पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जोन-1 के अधिशासी अभियंता अतुल मिश्रा को निर्माण कार्य डबल शिफ्ट में कराने के निर्देश दिए। साथ ही अगले 15 दिनों में फायर सेफ्टी से जुड़े कार्य पूर्ण करने तथा जून माह के अंत तक पूरी बिल्डिंग का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा कराने को कहा। इसके बाद नगर आयुक्त ने जोन-8 क्षेत्र में सीएम ग्रिड के तहत इग्नू रीजनल सेंटर के पास बन रही सड़कों एवं रजनी खंड की सड़कों का निरीक्षण किया। 

उन्होंने इग्नू रीजनल सेंटर के पास बने सेल्फी प्वाइंट का अवलोकन करते हुए खुले में पड़ी हाईटेंशन लाइन को जल्द भूमिगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य जून अंत तक पूरा होना चाहिए। रजनी खंड में चल रहे सीएम ग्रिड कार्यों की समीक्षा के दौरान नगर आयुक्त ने निर्माणाधीन नाले के कार्य में तेजी लाने को कहा। 250 मीटर लंबे नाले में अब तक 150 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 100 मीटर कार्य को जून अंत तक पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। 

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने हैबतमऊ झील परियोजना के अंतिम चरण के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने फिनिशिंग, सौंदर्यीकरण एवं हॉर्टिकल्चर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर इस माह के अंत तक पूरा कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने नादरगंज स्थित कान्हा उपवन में निर्माणाधीन विद्यालय का निरीक्षण करते हुए स्कूल परिसर की बाउंड्री वॉल का कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा भवन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कान्हा उपवन में जर्जर दीवारों की मरम्मत, वाहनों की मरम्मत के लिए स्थायी कार्यशाला बनाने और कर्मचारियों के आवास को टाउनशिप मॉडल के रूप में विकसित करने की योजना तैयार करने के निर्देश भी दिए। 

साथ ही सीवर जल के निस्तारण के लिए बनाए जा रहे एसटीपी के कार्य में तेजी लाने को कहा। अमृत 2.0 योजना के तहत विकसित किए जा रहे राधा सरोवर और प्रेम सरोवर के निर्माण कार्यों का निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त ने निर्माण गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। अमौसी स्थित वृहद गौशाला के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने फलदार वृक्ष लगाने, ग्रीनरी विकसित करने, लैंडस्केपिंग कराने और हाईमास्ट लाइट लगाने के निर्देश दिए। 

इसके साथ ही मेटल स्क्रैप से कामधेनु गाय की प्रतिमा बनाने, मुख्य गेट का चौड़ीकरण करने और भूसा गोदाम को ऊंचा कराने को कहा। नगर आयुक्त ने अमौसी स्थित एबीसी सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद बिजली कनेक्शन और हैंडओवर की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments