लखनऊ। ज्येष्ठ माह के पावन तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर नगर निगम ने शहरभर में आयोजित भंडारों को ‘जीरो वेस्ट इवेंट’ के रूप में संचालित करने के लिए स्वच्छता एवं जन जागरूकता अभियान चलाया। नगर निगम की टीमों ने विभिन्न भंडारा स्थलों पर साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर कुल 370 भंडारों का पंजीकरण कराया गया था। सभी पंजीकृत स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम की विशेष टीमें तैनात की गईं। आयोजकों एवं श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक एवं डिस्पोजल सामग्री का उपयोग न करने तथा कम से कम कचरा करने के लिए प्रेरित किया। तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर जोन-5 अंतर्गत गीतापल्ली वार्ड में आयोजित जीरो वेस्ट इवेंट में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। नगर निगम टीम एवं सफाई वाहन लगातार मौके पर तैनात रहे तथा समस्त कूड़े का निस्तारण डस्टबिन के माध्यम से सुनिश्चित किया।
आयोजन स्थल को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की। जोन -07 के वार्ड-86, लोहिया नगर वार्ड में नगर निगम ने विशेष ‘ज़ीरो वेस्ट भंडारा’ अभियान चलाया। स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस पहल के अंतर्गत भंडारा स्थल पर नियमित सफाई, कूड़ा संग्रहण एवं उठान की व्यवस्था की। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए डस्टबिन लगाए गए तथा गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।
मुंशी पुलिया सेक्टर-12, परिवर्तन चौक, लेबर कॉलोनी वार्ड, वीआईपी रोड गीता पल्ली वार्ड, लेखराज पन्ना, राम मनोहर लोहिया पार्क के निकट चौक चौराहा क्षेत्र एवं सत्यलोक कॉलोनी समेत विभिन्न स्थानों पर जीरो वेस्ट भंडारा अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान श्रद्धालुओं एवं आमजन को 4-बिन कॉन्सेप्ट के माध्यम से गीले, सूखे, सैनिटरी एवं घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग करने के प्रति जागरूक किया गया। तीसरे बड़े मंगल के अवसर पर नगर निगम ने शहर के सभी आठों जोनों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता एवं व्यवस्थाओं की निगरानी की गई।
जोनल सेनेटरी ऑफिसर्स के नेतृत्व में नगर निगम की टीमें लगातार भंडारा स्थलों का निरीक्षण करती रहीं, जिससे कार्यक्रमों के दौरान और बाद में साफ-सफाई सुचारु रूप से बनी रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलकल विभाग द्वारा शहर के 79 प्रमुख स्थानों पर पानी के टैंकर लगाए गए। इसके अतिरिक्त प्रत्येक जोन में एक अतिरिक्त टैंकर रिफिलिंग के लिए आरक्षित रखा गया, ताकि सभी भंडारा स्थलों पर निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
नगर निगम की इस व्यवस्था से श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया गया। भंडारों में पहुंचे श्रद्धालुओं को भोजन उपरांत उपयोग किए गए दोना-पत्तल एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित डस्टबिन में डालने के लिए प्रेरित किया गया। लोगों ने नगर निगम की इस पहल में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई तथा स्वच्छता अभियान की सराहना की।












