HomeHealth & Fitnessप्रयागराज में तीन दिव्यांगों की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज में तीन दिव्यांगों की हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में शाहगंज थाना क्षेत्र में हुई तीन दिब्यांगो की हत्या का खुलासा करते हुए गुरुवार को मुठभेड़ में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।

यह गिरफ्तारी शाहगंज और एयरपोर्ट थाना और एसओजी नगर की संयुक्त कार्रवाई में हुई। पुलिस टीम ने आरोपित के कब्जे से तमंचा, कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने दी।

उन्होंने बताया कि बताया कि 4 अगस्त को शाहगंज थाना क्षेत्र के लीडर रोड स्थित गढ़ीकला मोहल्ले में किराये के एक कमरे से दो महिलाओं और एक पुरुष के शव बरामद हुए थे।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि तीनों मृतक मूक-बधिर थे और आसपास कूड़ा बीनकर अपना जीवनयापन करते थे। इस संबंध में थाना शाहगंज में हत्या का मुकदमा दर्ज कर घटना के खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था।

उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना में शामिल आरोपी थाना एयरपोर्ट क्षेत्र में देखा गया है। इसके बाद शाहगंज थाना पुलिस, एयरपोर्ट थाना पुलिस और एसओजी नगर की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की।

भगवतपुर रेलवे अंडरपास के पास पुलिस ने संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। डीसीपी नगर के अनुसार पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी।

घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी भी मूक-बधिर है, इसलिए उसकी पहचान और पता-ठिकाने का सत्यापन कराया जा रहा है। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपित के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, दो जीवित कारतूस, दो खोखा कारतूस तथा चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं के साथ आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।

डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने कहा कि प्रयागराज पुलिस गंभीर अपराधों के त्वरित अनावरण और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विवेचना एवं अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments