HomeHealth & Fitness‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान: भाजपा ने निकाली बाइक रैली, महिला सशक्तिकरण का...

‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान: भाजपा ने निकाली बाइक रैली, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश

उतरौला (बलरामपुर)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को नगर क्षेत्र में भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना रहा।

रैली की शुरुआत श्री दुःख हरण नाथ मंदिर राजगद्दी से की गई। उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। बाइक रैली में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिससे आमजन तक महिला सशक्तिकरण का संदेश प्रभावी रूप से पहुंचा।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “नारी शक्ति का सम्मान, देश का अभिमान” जैसे नारों के माध्यम से समाज को जागरूक किया। साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी आम लोगों तक पहुंचाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राम प्रताप वर्मा ने कहा कि ‘नारी शक्ति वंदन’ अभियान का उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है, जिनका लाभ हर महिला तक पहुंचना चाहिए।

अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्ता ने कहा कि समाज के समग्र विकास में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज और राष्ट्र सशक्त होगा। उन्होंने सभी से महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने का आह्वान किया।

महिला मोर्चा की पदाधिकारियों ने भी महिलाओं से आगे आकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। रैली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष सविता गुप्ता, भाजपा जिला उपाध्यक्ष देवानंद गुप्ता, राम प्रकाश गुप्ता, फणींद्र कुमार गुप्ता, रोहित गुप्ता सहित नगर के अनेक भाजपा कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments