लखनऊ। उत्तर प्रदेश के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री तथा जनपद लखनऊ के प्रभारी मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने नैमिषारण्य वीवीआईपी गेस्ट हाउस में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ जनपद में विद्युत आपूर्ति, शिकायतों के निस्तारण तथा विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक की।
बैठक में महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक बीकेटी योगेश शुक्ला, विधायक मोहनलालगंज अमरेश कुमार, विधायक पूरब ओ0पी0 श्रीवास्तव एवं अन्य जनप्रतिनिधियों तथा जिलाधिकारी विसाख , मुख्य विकास अधिकारी तथा चारों जोनों के मुख्य अभियंता सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में श्री खन्ना ने कहा कि बिजली आमजन से सीधे जुड़ी हुई एक अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आवश्यक सेवा है। प्रदेश सरकार द्वारा विद्युत क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही सभी सुविधाओं का लाभ प्रत्येक उपभोक्ता तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को निर्धारित मानकों के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति हर हाल में सुनिश्चित की जाए तथा विद्युत संबंधी शिकायतों का तत्काल संज्ञान लेकर उनका त्वरित निस्तारण किया जाए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि लखनऊ प्रदेश की राजधानी है और अन्य जनपदों के लिए रोल मॉडल के रूप में देखा जाता है। ऐसे में विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली चोरी पर प्रभावी नियंत्रण, निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा राजस्व हानि रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जो शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वे आमजन की समस्याओं का प्रतिबिंब हैं, इसलिए उनका प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा शिकायत की गई कि कई स्थानों पर जूनियर इंजीनियर (जेई) फोन नहीं उठाते हैं, जिससे समस्याओं के समाधान में अनावश्यक विलंब होता है। इस पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए श्री खन्ना ने निर्देश दिए कि सभी जेई अपने मोबाइल फोन में क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों के नंबर अनिवार्य रूप से सेव करें तथा उनका फोन हर हाल में रिसीव करें। यदि किसी कारणवश कॉल नहीं उठा पाते हैं तो बैक कॉल कर समस्या की जानकारी प्राप्त करें और उसका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय एवं संवाद व्यवस्था मजबूत होना आवश्यक है।
बैठक के दौरान विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभिन्न शिकायतों पर चर्चा करते हुए प्रभारी मंत्री ने विभागीय कार्यों में लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाया। गलत एस्टीमेट तैयार करने तथा पोल स्थापना में अनियमितता संबंधी शिकायतों का संज्ञान लेते हुए उन्होंने जानकीपुरम क्षेत्र के संबंधित जेई को निलंबित किए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त नगर निगम के ट्रांसफर स्टेशन एवं चार्जिंग स्टेशन को विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री खन्ना ने कहा कि विद्युत विभाग एक आपातकालीन सेवा है और इसकी उपलब्धता एवं कार्यकुशलता में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता और जनप्रतिनिधियों से प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा ऐसी कार्यप्रणाली विकसित की जाए जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।












