Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)अहिरौलिया में हर घर जल योजना की लापरवाही:एक सप्ताह से खुला गड्ढा,...

अहिरौलिया में हर घर जल योजना की लापरवाही:एक सप्ताह से खुला गड्ढा, पानी सड़क पर बह रहा

#बस्ती_न्यूज

बस्ती जिले के कप्तानगंज ब्लॉक की ग्राम पंचायत पोखरा के अहिरौलिया गांव में ‘हर घर जल योजना’ (जल जीवन मिशन) में बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां मोनू पाठक के घर के सामने विभाग द्वारा खोदा गया लगभग पांच फीट गहरा गड्ढा एक सप्ताह से अधिक समय से खुला पड़ा है। इस खुले गड्ढे में पानी की आपूर्ति भी शुरू कर दी गई, जिससे गड्ढा भरकर पानी पूरे रास्ते पर बहने लगा। यह पहली बार नहीं है जब इस क्षेत्र में ऐसी लापरवाही सामने आई है। कुछ दिन पहले भी इसी इलाके में सड़क पर हजारों लीटर पानी बहने की खबर प्रकाशित हुई थी, जिसके बाद विभाग ने मरम्मत का काम कराया था। हालांकि, अहिरौलिया गांव में एक बार फिर वही लापरवाही दोहराई जा रही है। ग्रामीण मोनू पाठक ने बताया कि काम करने वाले मजदूर गड्ढा खोदकर ऐसे ही छोड़कर चले गए। एक अन्य ग्रामीण पुजारी पाठक ने चिंता व्यक्त की कि घर में छोटे बच्चे हैं और किसी भी समय कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। राम तेज पाठक सहित अन्य ग्रामीणों ने भी जल्द से जल्द गड्ढे की मरम्मत की मांग की है। जब इस संबंध में पानी की टंकी पर लगे बोर्ड पर दर्ज नंबरों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो अधिकारियों की ओर से घोर लापरवाही सामने आई। जल निगम के अधिशासी अभियंता जनार्दन ने बताया कि उनका तबादला हो गया है। वहीं, अभियंता शशांक ने कहा कि उनका कार्यक्षेत्र बदल गया है और उन्होंने वर्तमान जेई अजीत कुमार का नंबर उपलब्ध कराया। कई बार कॉल करने के बाद जब जेई अजीत कुमार ने फोन उठाया, तो उन्होंने इस मामले की जानकारी न होने की बात कही। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही समस्या का समाधान कराएंगे। इस संबंध में बीडीओ चंद्रभान उपाध्याय ने बताया कि विभाग ने अभी तक यह योजना ग्राम सभा को हैंडओवर नहीं की है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments