भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और उत्तर प्रदेश पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 59वीं वाहिनी एसएसबी नानपारा और थाना मोतीपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने एक नेपाली युवक को 18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। कमांडेंट कैलाश चंद रमोला के निर्देशन में बुधवार की रात विशेष गश्त अभियान चलाया गया। संयुक्त टीम सीमा चौकी बलईगांव क्षेत्र में सीमा स्तंभ संख्या 665 के पास निगरानी कर रही थी। रात करीब 9:30 बजे टीम ने भारतीय सीमा के अंदर करीब 635 मीटर दूरी पर एक संदिग्ध युवक को भारत से नेपाल की ओर जाते हुए देखा। संदेह होने पर जवानों ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। सतर्कता दिखाते हुए टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 18 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान टेक बहादुर नेपाली (28) पुत्र शेर बहादुर, निवासी महादेवपुरी, वार्ड नंबर-04, कोहलपुर थाना, जिला बांके (नेपाल) के रूप में बताई। उसने बताया कि स्मैक उसने बलईगांव क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति से खरीदी थी और अपने उपयोग के लिए नेपाल ले जा रहा था। अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों का रखना और परिवहन करना एनडीपीएस अधिनियम 1985 की धारा 8/21 के तहत दंडनीय अपराध है। एसएसबी टीम ने मौके पर बरामद स्मैक को जब्त कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और आरोपी को आगे की जांच व विधिक कार्रवाई के लिए मोतीपुर पुलिस को सौंप दिया। थाना प्रभारी आनंद चौरसिया ने बताया कि तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
स्मैक के साथ नेपाली तस्कर गिरफ्तार:बहराइच पुलिस और SSB ने दबोचा, खरीदकर नेपाल ले जा रहा था
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












