लखनऊ। ठाकुरगंज इलाके में नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। ठाकुरगंज की रहने वाली 29 वर्षीय श्वेता सिंह का शव सोमवार सुबह ससुराल में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
श्वेता की शादी 22 नवंबर 2025 को ठाकुरगंज थाना क्षेत्र के काशी विहार निवासी शिवम सिंह से हुई थी। शिवम एक लैब में काम करता है। श्वेता का मायका विश्वनगर मल्हाई टोला, ठाकुरगंज में है। पिता उमेश कुमार सिंह ने बताया कि शादी के बाद से ही दहेज को लेकर बेटी को परेशान किया जाता था। भाई आशुतोष सिंह के मुताबिक, श्वेता की मां सविता सिंह एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं।
श्वेता शनिवार रात मां को देखकर ससुराल लौट गई थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे ससुराल से फोन आया कि श्वेता ने आत्महत्या कर ली है। परिजनों का कहना है कि जब तक वे लोग मौके पर पहुंचे, तब तक शव को नीचे उतारकर ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा चुका था। बहन ज्योति सिंह से भी सुबह बात हुई थी और तब तक सब सामान्य था। पिता उमेश कुमार सिंह ने ठाकुरगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।












