सुपौल। परसरमा से अररिया तक प्रस्तावित राष्ट्रीय राजमार्ग-327E के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य में अब तेजी देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में बुधवार को भवन निर्माण विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक टीम ने चिन्हित मार्ग का दौरा कर भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया शुरू की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सड़क निर्माण की जद में आने वाली जमीन, आवासीय मकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अभिलेखों और वास्तविक स्थिति का मिलान भी किया गया, ताकि आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया में किसी प्रकार की बाधा न आए।
अधिकारियों ने बताया कि यह सत्यापन प्रक्रिया परियोजना को तेज गति से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक है। इसके माध्यम से भूमि अधिग्रहण, मुआवजा निर्धारण और संभावित अतिक्रमण से जुड़े मामलों को समय रहते निष्पादित किया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य के अगले चरण को तेजी से शुरू करने की योजना है।
इस कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों और व्यापारियों के बीच हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि परियोजना के पूरा होने से परसरमा, निर्मली और अररिया के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा तथा क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।












