श्रावस्ती जनपद के भिनगा जंगल क्षेत्र में सिरसिया-भिनगा मार्ग पर गुरुवार देर रात एक सड़क हादसा हुआ। एक ओमनी वैन ने आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे वैन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। बताया गया कि यह हादसा जंगल के बीच अंधेरे वाले रास्ते पर हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार, वैन की लाइट कमजोर थी और ट्रैक्टर-ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर नहीं लगा था। इसी कारण वैन चालक समय रहते ट्रैक्टर-ट्रॉली को देख नहीं पाया और पीछे से उसमें जा टकराया। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने में भी परेशानी सामने आई। जंगल क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण एंबुलेंस को समय पर सूचना नहीं दी जा सकी। ऐसे में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सिरसिया-भिनगा मार्ग के जंगल वाले हिस्से में रात के समय घना अंधेरा रहता है। सड़क पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित सभी भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की है, ताकि रात में ये वाहन दूर से दिखाई दे सकें। ग्रामीणों ने हादसे वाले स्थानों पर ‘एक्सीडेंट जोन’ के बोर्ड लगाने, जंगल क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट और मोबाइल नेटवर्क बेहतर करने की भी मांग की है। उनका कहना है कि आपात स्थिति में नेटवर्क न मिलने से समय पर मदद बुलाने में परेशानी होती है। इसके अलावा, मार्ग पर रात के समय पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की गई है। इस संबंध में थाना कोतवाली भिनगा के प्रभारी निरीक्षक राज प्रकाश सिंह ने बताया कि हादसे में घायल दोनों लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
श्रावस्ती में ओमनी वैन-ट्रैक्टर की टक्कर:भिनगा जंगल में दो लोग गंभीर घायल, इलाज जारी
RELATED ARTICLES












