*
महराजगंज।उत्तर प्रदेश सरकार और बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। माननीय उच्च न्यायालय में योजित याचिका (रिट-सी संख्या 24767/2026) में पारित आदेश के अनुपालन में बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने विपक्षी पक्षों को कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्टीकरण के लिए तलब किया है।
बार काउंसिल के सचिव द्वारा जारी पत्रांक संख्या 676/26 के अनुसार, शिकायतकर्ता चन्दन कुमार केड़िया (एडवोकेट, महाराजगंज) की याचिका (चन्दन कुमार केड़िया बनाम उत्तर प्रदेश सरकार व 5 अन्य) पर माननीय उच्च न्यायालय द्वारा गत 2 जुलाई 2026 को आदेश पारित किया गया था। इस आदेश के परिप्रेक्ष्य में प्रकरण के अंतिम निस्तारण के लिए सुनवाई की तारीख 25 जुलाई 2026 तय की गई है।बार काउंसिल ने मामले से जुड़े राघवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ रौनक सिंह पुत्र चंद्रभूषण सिंह, निवासी: सिसवा बाजार, महाराजगंज तथा कपिल देव (पूर्व महामंत्री, टैक्स बार एसोसिएशन, महाराजगंज)प्रमुख को नोटिस जारी कर साक्ष्यों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है। जारी नोटिस के अनुसार, दोनों विपक्षी पक्षों को 25 जुलाई 2026 को सुबह 11:00 बजे बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज (19, महर्षि दयानन्द मार्ग) स्थित मुख्य कार्यालय में अपने समस्त साक्ष्यों, प्रपत्रों और कानूनी दस्तावेजों के साथ व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना पक्ष और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करना होगा।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के सचिव ने पत्र की प्रतिलिपि कार्यालय जिला जज और जिलाधिकारी (डीएम) महाराजगंज को भी प्रेषित की है। काउंसिल ने प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारियों से अपेक्षा की है कि वे संबंधित पक्षों को इस आधिकारिक नोटिस का तामीला (सर्विस) ससमय सुनिश्चित करवाएं, ताकि नियत तिथि पर सुनवाई की प्रक्रिया सुचारू रूप से आगे बढ़ सके।
इस हाई-प्रोफाइल मामले पर अब पूरे जिले के विधिक और प्रशासनिक हलकों की नजरें टिकी हुई हैं।












