#बस्ती_न्यूज
बस्ती। मलमास के दूसरे सोमवार को बस्ती जिले के शिव मंदिरों में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। कप्तानगंज थाना क्षेत्र सहित पूरे जनपद के शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें लग गईं। जय भोले नाथ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जिले के प्रसिद्ध बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर तिलकपुर, पांडू युगीन झुगिया नाथ मंदिर परखती और स्वर्ग आश्रम मंदिर कौड़ी कॉल जैसे प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के अन्य शिव मंदिरों में भी भारी भीड़ देखी गई। महिलाएं, पुरुष, युवा और बुजुर्ग सभी वर्गों के भक्त दूर-दराज के गांवों से पैदल और वाहनों से मंदिरों तक पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से जलाभिषेक किया, बेलपत्र अर्पित किए और पूजा-अर्चना कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि तथा मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मलमास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व होता है। ऐसी मान्यता है कि इस पवित्र माह में की गई पूजा-अर्चना और जलाभिषेक का फल सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक मिलता है। इसी कारण प्रत्येक सोमवार को जिले भर के शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ रही है। मंदिर परिसरों में प्रसाद, फूल-माला और बेलपत्र की दुकानें सजी हुई थीं। भजन-कीर्तन और शिव स्तुति से मंदिर परिसर गुंजायमान रहे। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन द्वारा भी समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने बताया कि मलमास का यह पावन अवसर जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाता है। आने वाले सोमवारों में भी इसी प्रकार भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
मलमास के दूसरे सोमवार शिव मंदिरों में भीड़:हजारों भक्तों ने किया जलाभिषेक, जयकारों से गूंजे शिवालय
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












