गुरुग्राम। बुधवार सुबह गुरुग्राम में उस समय हड़कंप मच गया जब शहर के करीब छह निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। इस ईमेल में न सिर्फ स्कूलों को निशाना बनाने की बात कही गई, बल्कि दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले और कुछ रेलवे स्टेशनों पर भी विस्फोट की चेतावनी दी गई।
जानकारी के अनुसार, यह धमकी भरा ईमेल सुबह लगभग 8:33 बजे भेजा गया था। ईमेल में दावा किया गया कि स्कूल परिसरों में विस्फोटक लगाए गए हैं। इसके साथ ही दिल्ली के लाल किले के बाहर पार्किंग में खड़ी एक कार में भी बम रखे जाने का उल्लेख किया गया। ईमेल भेजने वाली संस्था के रूप में “खालिस्तान नेशनल आर्मी” का नाम सामने आया है, जिसमें 29 अप्रैल को “40वां खालिस्तान डिक्लेयरेशन डे” घोषित करने की बात भी कही गई है। साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को भी चेतावनी दी गई है।
धमकी मिलने के बाद गुरुग्राम और दिल्ली पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। प्रभावित स्कूलों में एचडीएफसी स्कूल, सनसिटी स्कूल और एमिटी इंटरनेशनल स्कूल सहित कई संस्थान शामिल हैं। सभी स्कूलों को एहतियातन खाली कराकर छात्रों को सुरक्षित घर भेज दिया गया।
पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड की मदद से सभी स्कूल परिसरों की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सतर्क रखा गया है।
धमकी भरे ईमेल में अंबाला कैंट जंक्शन, रेवाड़ी रेलवे जंक्शन और दिल्ली क्षेत्र में IED धमाकों का भी उल्लेख किया गया था। इसके बाद रेलवे सुरक्षा एजेंसियां भी सक्रिय हो गईं और सभी प्रमुख स्टेशनों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गुरुग्राम के स्कूलों को इस तरह की धमकी मिल चुकी है। जनवरी 2026 से अब तक ऐसे तीन मामले सामने आए हैं। इनमें से एक मामले में पुलिस ने 19 मार्च को गुजरात से एक आरोपी सौरभ विश्वास उर्फ माइकल को गिरफ्तार किया था, जिसके बांग्लादेश से संबंध होने की बात सामने आई थी।
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सभी स्कूलों की जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए आईपी एड्रेस और साइबर तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर संभावित खतरे पर नजर बनाए हुए हैं।
गुरुग्राम में बम धमकी से हड़कंप: छह स्कूलों और रेलवे स्टेशनों को उड़ाने की चेतावनी, जांच में कुछ नहीं मिला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












