खूंटी । पिछले सात वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी सत्यदेव ठाकुर उर्फ सत्यदेव हजाम उर्फ रविन्द्र ठाकुर (70) को पुलिस ने बुधवार को जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
पुलिस के अनुसार, सत्यदेव ठाकुर मूल रूप से अड़की थाना क्षेत्र के सिंदरी गांव का निवासी है। वह पिछले कई दिनों से जमशेदपुर के सोनारी इलाके में छिपकर रह रहा था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि स्थायी वारंटी सोनारी क्षेत्र में शरण लेकर रह रहा है और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश कर रहा है।
सूचना मिलने के बाद अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में छापा मारा और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपित को अड़की थाना लाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपित लंबे समय से फरार था और उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
छापेमारी दल में अड़की थाना प्रभारी प्रवीण कुमार तिवारी के अलावा सुधीर कुमार यादव और कुंदन कुमार भी शामिल थे। पुलिस अब आरोपित के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।












