सिद्धार्थनगर जिले के खुनियांव विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत धोबहा में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पिछले कई दिनों से सफाई कर्मचारी के अनुपस्थित रहने के कारण गांव की नालियां गंदगी से बजबजा रही हैं और जगह-जगह कचरे का अंबार लगा हुआ है। बदबू और जलभराव से परेशान ग्रामीणों में भारी आक्रोश है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। धोबहा गांव के मुख्य रास्तों की नालियों की सफाई न होने से वे कचरे और प्लास्टिक से अटी पड़ी हैं। इससे पानी का निकास पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गंदगी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका से ग्रामीण भयभीत हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी अपनी मनमानी कर रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। स्थानीय निवासी सनव्वर, सैफुल्लाह, महबूब, तपेश्वर सोनू और शाह अख्तर ने बताया कि सफाईकर्मी हफ्तों तक गांव में नहीं आता, जिससे गांव की स्थिति बदतर हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्वच्छ भारत मिशन के दावों के बीच धोबहा गांव की यह स्थिति प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एक ओर शासन-प्रशासन स्वच्छता अभियान चला रहा है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार कर्मचारी अपनी ड्यूटी से मुंह मोड़ रहे हैं। अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं और कब तक ग्रामीणों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिलती है।
ग्राम पंचायत धोबहा में गंदगी का अंबार:सफाई कर्मचारी की लापरवाही से बीमारियों का खतरा बढ़ा
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












