कौशाम्बी।जिले के सराय अकिल थाना क्षेत्र में 24 जून को सामने आए गोकशी प्रकरण में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के दौरान रविवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में ₹25 हजार का इनामी आरोपित मो. अरशद उर्फ छेद्दन के पैर में गोली लग गई, जबकि तीन अन्य आरोपितों को पुलिस ने दबोच लिया। दो आरोपित अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 24 जून 2026 को सूचना मिली थी कि थाना सराय अकिल क्षेत्र के पनारा गोपालपुर गांव में गोमांस पकाया जा रहा है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम को देखकर चार पुरुष आरोपित घनी बस्ती और संकरी गलियों का लाभ उठाकर फरार हो गए थे। घर के भीतर मौजूद तीन महिलाओं के पास पका हुआ और कच्चा मांस बरामद हुआ था। इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण ने विशेष टीमों का गठन करते हुए ₹25 हजार के इनाम की घोषणा की थी।
रविवार की रात 12/13 जुलाई को सराय अकिल पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि 24 जून की घटना से जुड़े आरोपित उस्मानपुर-हसनपुर लिंक मार्ग स्थित पुरखास के आम के बाग में मौजूद हैं और फिर से गोकशी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन आरोपितों ने दोबारा फायरिंग कर दी। इसके बाद आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें इनामी बदमाश मो. अरशद उर्फ छेद्दन के पैर में गोली लग गई।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल अरशद समेत कुल चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य फरार हो गए। घायल आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल मंझनपुर भेजा गया।पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो चापड़, एक चाकू, रस्सी, लकड़ी का गुटका, एक बछड़ा, टॉर्च तथा ₹1560 नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे गांव के बाहर से एक गाय के बछड़े को काटने की नीयत से पकड़कर लाए थे। साथ ही उन्होंने 24 जून की गोकशी की घटना में अपनी संलिप्तता भी स्वीकार की। आरोपितों ने बताया कि उस समय गोमांस का कुछ हिस्सा बेच दिया गया था, जबकि करीब दो किलो मांस मो. अरशद के घर पकाने के लिए दिया गया था। उसी दौरान पुलिस के पहुंचने पर वे मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।












