लखनऊ। रहीमाबाद के मुड़ियारा गांव में रविवार को एक बिजली लाइन विवाद के चलते गांव के विपक्षियों ने ग्राम प्रधान के घर में घुसकर जमकर मारपीट की। प्रधान सुषमा और उनकी बेटी रितिमा की पिटाई की गई जबकि बीच-बचाव करने आए प्रधान पति सुरेश पर धारदार हथियार से सिर पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया गया। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
ग्राम प्रधान की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है। ग्राम प्रधान मुड़ियारा सुषमा निवासी ग्राम देवी खेड़ा ने बताया कि वे अपने खेत पर ट्यूबवेल लगाने के लिए बिजली की लाइन खिंचवा रही थीं।
यह लाइन खड़ंजे के किनारे से निकाली जा रही थी जो एक सामान्य प्रक्रिया थी। रविवार दोपहर जब लाइन खींचने का काम चल रहा था तभी गांव के विपक्षी झब्बू, उजागर और मुन्ना ने अचानक वहां पहुंचकर इस काम का विरोध शुरू कर दिया और गाली-गलौज पर उतर आए। ग्रामीणों के बीच काफी बराव हुआ लेकिन मामला उस वक्त शांत हो गया।दोपहर का विवाद शांत होने के बाद सभी को लगा कि मामला खत्म हो गया लेकिन विपक्षियों के मन में कुछ और ही चल रहा था। शाम पांच बजे झब्बू, उजागर और मुन्ना के साथ उजागर की पत्नी गायत्री भी प्रधान के घर पर आ धमकी। चारों ने मिलकर गाली-गलौज करते हुए घर में जबरदस्ती घुस गए और ग्राम प्रधान सुषमा तथा उनकी बेटी रितिमा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
घर में महिलाओं पर हो रहे इस हमले को देखकर पड़ोसी भी सहम गए।शोरगुल सुनकर प्रधान पति सुरेश मौके पर पहुंचे और मां-बेटी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने लगे। लेकिन आरोपियों ने इसकी परवाह नहीं की और अचानक धारदार हथियार निकालकर सुरेश के सिर पर जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर चोट लगने से सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। भीड़ जुटती देख चारों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुरेश को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। ग्राम प्रधान सुषमा की तहरीर पर कार्यवाहक थाना प्रभारी उमेश यादव ने झब्बू, उजागर,मुन्ना और गायत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की उम्मीद है।












