HomeHealth & Fitnessप्रयागराज: रेलवे भर्ती की शारीरिक परीक्षा जारी, 29 जुलाई तक 3736 अभ्यर्थी...

प्रयागराज: रेलवे भर्ती की शारीरिक परीक्षा जारी, 29 जुलाई तक 3736 अभ्यर्थी होंगे शामिल

प्रयागराज। रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), इलाहाबाद की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) प्रयागराज के डीएसए ग्राउंड में 25 से 29 जुलाई तक आयोजित की जा रही है।

इस परीक्षा में कुल 3736 अभ्यर्थी भाग लेंगे। पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने के लिए परीक्षा की वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। यह जानकारी रविवार को उमरे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने दी।

उन्होंने बताया कि पीईटी में अभ्यर्थियों को 4 मिनट 15 सेकंड के भीतर 1000 मीटर दौड़ पूरी करनी होती है। इसके अलावा 35 किलोग्राम वजन उठाकर 2 मिनट के अंदर 100 मीटर की दूरी तय करनी होती है। अगले चरण में पहुंचने के लिए दोनों मानकों को पूरा करना अनिवार्य है।

पहले दो दिनों में अभ्यर्थियों ने उत्साह के साथ परीक्षा में भाग लिया। 25 जुलाई को 480 और 26 जुलाई को 928 अभ्यर्थियों ने शारीरिक परीक्षा दी। शेष अभ्यर्थियों की परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 29 जुलाई तक कराई जाएगी।

परीक्षा से पहले सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेज और पहचान पत्रों की गहन जांच की जा रही है। इसके बाद उन्हें परीक्षा से जुड़े सभी आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं। रेलवे का उद्देश्य पूरी भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करना है।

शारीरिक दक्षता परीक्षा का संचालन अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी वैभव कुमार गुप्ता तथा सहायक कार्मिक अधिकारी रुपेश कुमार सुमन के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

परीक्षा स्थल पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में रेलवे अधिकारी और कर्मचारी तैनात किए गए हैं तथा पूरी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा स्थल पर पेयजल, पंखे, कूलर, टेंट और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था की गई है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ और एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराई गई है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments