नगर पंचायत शोहरतगढ़ में मुहर्रम की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मुहर्रम का चांद दिखने के साथ ही इलाके में ताजिये बनाने का काम तेज हो गया है। रमजान गली चौक को भी आकर्षक ढंग से सजाया गया है। शहर के प्रसिद्ध ताजियाकार बालेदीन और उनका परिवार पीढ़ियों से इस कला को बनाए हुए है। उनके द्वारा बनाए गए ताजिये आसपास के दर्जनों गांवों और कस्बों में खरीदे जाते हैं। उनकी कार्यशाला में सुबह से देर रात तक बांस, कागज, रंगीन पन्नियों और नक्काशी का काम चल रहा है। बालेदीन ने बताया कि इस बार ग्राहकों की मांग पर छोटे-बड़े सभी आकार के ताजिये तैयार किए जा रहे हैं। मुहर्रम के पहले दिन से ही लोग ताजिये लेने आने लगते हैं, इसलिए काम में तेजी लाई गई है। बालेदीन के अलावा नासिरुद्दीन, अकबर अली, अब्दुल कादिर, समीम शाह और अली अकबर जैसे अनुभवी कारीगर भी अपनी-अपनी कार्यशालाओं में ताजिये सजाने में व्यस्त हैं। वे रंगों का संयोजन कर रहे हैं और रोशनी की लड़ियां लगा रहे हैं। रमजान गली चौक को विशेष रूप से सजाया गया है। पूरे चौक पर हरे-काले परचम लहरा रहे हैं। दीवारों पर इमाम हुसैन की कैलीग्राफी की गई है और देर रात तक चमकने वाली रोशनी की व्यवस्था की गई है। यहां एक आकर्षक स्वागत द्वार भी बनाया गया है। स्थानीय युवाओं का कहना है कि इस वर्ष चौक की सजावट पिछले साल से बेहतर है और इसे और निखारा जाएगा। नगर पंचायत प्रशासन ने भी सफाई, पेयजल और बिजली आपूर्ति के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। अकीदतमंदों के अनुसार, ताजिया बनाने की शुरुआत और चौक की सजावट के साथ ही पूरे शोहरतगढ़ में गम और भाईचारे का माहौल बन गया है। सभी समुदाय के लोग मिलकर मुहर्रम की तैयारियों में सहयोग कर रहे हैं।
शोहरतगढ़ में मुहर्रम की तैयारियां शुरू:ताज़िया बनाने का काम तेज, रमज़ान गली चौक सजाया गया
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












