Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां तेज:13 से 15 अगस्त...

श्रावस्ती में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियां तेज:13 से 15 अगस्त तक सभी घरों पर फहराया जाएगा तिरंगा


श्रावस्ती में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की तैयारियों को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले इस अभियान को सफल बनाना था। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 13 से 15 अगस्त 2026 तक जिले के सभी सरकारी और गैर-सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, शहीद स्मारकों, स्वयंसेवी संस्थाओं, प्रतिष्ठानों और प्रत्येक घर पर तिरंगा फहराया जाए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय से अभियान को सफल बनाने पर जोर दिया। अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में तिरंगा मार्च, रैली और रंगोली प्रतियोगिताएं होंगी। 10 अगस्त को डिजिटल माध्यम से आमंत्रण भेजे जाएंगे, जबकि 11 अगस्त को विकास खंडों के स्मारकों पर 75 दीपों का प्रज्वलन और तिरंगा शपथ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसके अतिरिक्त, 12 अगस्त को कलेक्ट्रेट परिसर में तिरंगा मेला और भव्य तिरंगा म्यूजिकल कॉन्सर्ट का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्कूली छात्र-छात्राएं देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। जिलाधिकारी ने झंडा संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तिरंगे का सम्मान बनाए रखा जाए और उपयोग के बाद उसे सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखा जाए। सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई, सरकारी भवनों की सजावट और 15 अगस्त को सुबह 8 बजे ध्वजारोहण की तैयारियां समय पर पूरी करने के भी निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने आम जनता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगे के साथ सेल्फी, फोटो, रील और वीडियो साझा कर जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी ललित कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी निलेश प्रताप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments