Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बस्ती में मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची जारी:10 जुलाई तक दर्ज करा...

बस्ती में मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची जारी:10 जुलाई तक दर्ज करा सकेंगे आपत्तियां और सुझाव

#बस्ती_न्यूज

बस्ती में आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिला प्रशासन ने जनपद की सभी विधानसभा सीटों के मतदेय स्थलों की प्रस्तावित सूची का आलेख्य प्रकाशन कर दिया है। इस सूची पर आमजन 10 जुलाई 2026 तक अपनी आपत्तियां और सुझाव दर्ज करा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा मतदेय स्थलों का सम्भाजन करते हुए यह नई प्रस्तावित सूची तैयार की गई है। यह सूची जनपद की 307-हर्रैया, 308-कप्तानगंज, 309-रुधौली, 310-बस्ती सदर तथा 311-महादेवा (अजा.) विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले सभी मतदेय स्थलों से संबंधित है। प्रस्तावित सूची का आलेख्य प्रकाशन शनिवार, 04 जुलाई 2026 को किया गया। प्रकाशित सूची को आमजन के निःशुल्क अवलोकन के लिए संबंधित तहसील कार्यालयों तथा जिला निर्वाचन कार्यालय, बस्ती में उपलब्ध कराया गया है। मतदाता, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दल तथा अन्य संबंधित व्यक्ति इस सूची का निरीक्षण कर सकते हैं। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति को प्रस्तावित मतदेय स्थलों की सूची के संबंध में कोई आपत्ति अथवा सुझाव देना हो, तो वह संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय, बस्ती में अपना अभ्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है। इसके लिए 10 जुलाई 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुगम एवं मतदाता हितैषी बनाने के उद्देश्य से जारी इस प्रस्तावित सूची का अवलोकन करें। यदि आवश्यक हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने सुझाव एवं आपत्तियां अवश्य दर्ज कराएं, ताकि अंतिम सूची तैयार करते समय उनका नियमानुसार परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments