लखनऊ। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए गुरुवार को जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने जनपद न्यायालय परिसर, लखनऊ से पीआरवी वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
.jpeg)
न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ मलखान सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आमजन को सुलभ, त्वरित एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों से राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने वादों का निस्तारण कराने की अपील की। प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया पीआरवी वाहन लखनऊ जनपद की समस्त तहसीलों, ब्लॉकों एवं दूरदराज क्षेत्रों में जाकर राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में लोगों को जागरूक करेगा तथा आधिकारिक वादकारियों को लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करेगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 09 मई 2026 को जनपद न्यायालय, कलेक्ट्रेट तथा जनपद की समस्त तहसीलों में किया जाएगा। कार्यक्रम में राष्ट्रीय लोक अदालत के नोडल अधिकारी एवं अपर जिला जज प्रकाश तिवारी, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुँवर मित्रेश सिंह कुशवाहा, पुलिस उपायुक्त एवं नोडल अधिकारी किरन यादव सहित न्यायिक अधिकारीगण, कर्मचारीगण, पराविधिक स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता एवं डिफेन्स काउन्सिल उपस्थित रहे।












