संत कबीर नगर, आज दिनांक 12.06.2026 को जिलाधिकारी संतकबीरनगर आलोक कुमार* एवं पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना* द्वारा संयुक्त रूप से थाना बखिरा क्षेत्रान्तर्गत ग्राम पंचायत बड़हरा में आयोजित जनकल्याण एवं जनजागरूकता कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शासन की उपलब्धियों एवं जनहितकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, स्वरोजगार योजनाओं सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से प्राप्त हो तथा कोई भी पात्र लाभार्थी सरकारी सुविधाओं से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में आयोजित बहू-बेटी सम्मेलन के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता, महिला अधिकार एवं सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं को महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबर 1090, 112, 1076 एवं साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक रहने तथा शासन द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने हेतु प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समाज एवं राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात नियमों के पालन तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के संबंध में जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी अथवा बैंक संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा निकटतम पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।
कम्युनिटी पुलिसिंग कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामवासियों से संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने बुजुर्गों की सुरक्षा, सम्मान एवं सेवा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि संतकबीरनगर पुलिस वरिष्ठ नागरिकों की सहायता एवं सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार एवं समाज के बुजुर्गों का सम्मान करने तथा उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करने की अपील की। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न सहायता सेवाओं एवं हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों द्वारा विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों को अधिकारियों के समक्ष रखा गया, जिनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों, ग्राम प्रधानों एवं गणमान्य नागरिकों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग कर शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जनजागरूकता अभियान की सराहना की।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारीगण, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, ग्राम प्रधान, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्री, आशा बहुएं, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, वरिष्ठ नागरिक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
**संतकबीरनगर पुलिस एवं जिला प्रशासन जनसेवा, सुशासन, महिला सशक्तिकरण, वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सुरक्षित समाज के निर्माण हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।*












