#बस्ती_न्यूज
बस्ती शहर के बभनगांवा वार्ड में स्थित वर्षों पुराने तालाब का कायाकल्प कार्य शुरू हो गया है। लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से यह तालाब अब नए स्वरूप में नजर आने की तैयारी में है। लंबे समय से गंदगी, जलकुंभी और उपेक्षा का शिकार रहा यह तालाब अब प्रशासन की पहल से पुनर्जीवित किया जा रहा है। तालाब की सफाई के लिए विशेष नावों का उपयोग किया जा रहा है, जिनसे जलकुंभी हटाई जा रही है। इसके साथ ही, जेसीबी मशीनों की मदद से तालाब के किनारों की सफाई और गाद हटाने का कार्य तेजी से जारी है। यह तालाब कभी पशु-पक्षियों और किसानों के लिए जीवनदायिनी माना जाता था। लगभग 30 वर्ष पहले तक आसपास के किसान इसके पानी का उपयोग कृषि कार्यों में करते थे और पशु-पक्षी भी यहीं से अपनी प्यास बुझाते थे। हालांकि, देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे यह तालाब गंदगी से पट गया और इसका प्राकृतिक स्वरूप नष्ट हो गया था। जिला प्रशासन और नगर पालिका की इस पहल से स्थानीय लोगों में उम्मीद जगी है कि यह तालाब शहर की सुंदरता और पर्यावरण संरक्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा। नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत तालाब के चारों ओर सीढ़ियां बनाई जाएंगी, एक वॉकिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा और हरियाली बढ़ाने के लिए फूल व पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्य पूरा होने के बाद यह स्थल शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में बभनगांवा तालाब का कायाकल्प शुरू:एक करोड़ की लागत से बदलेगी तस्वीर, शहर को मिलेगा नया आकर्षण
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












