#बस्ती_न्यूज
नगर पंचायत हर्रैया के वार्ड नंबर 12 स्थित 100 शैया महिला अस्पताल परिसर में 100 वर्ष से अधिक प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार का कार्य सावन मास के रविवार को शुरू हुआ। यह ऐतिहासिक शिवालय वर्षों से उपेक्षित था और आधा भूतल में समा चुका था। नगर पंचायत अध्यक्ष कौशलेंद्र प्रताप सिंह, वार्ड सभासद धर्म ध्वज सिंह, धर्मेंद्र सिंह (बूचे), राजेश श्रीवास्तव, पूर्व प्रधान रामलौट शुक्ल और स्थानीय नागरिकों के जनसहयोग से इस प्राचीन मंदिर के पुनर्निर्माण की नींव रखी गई। स्थानीय मान्यताओं और नागरिकों के अनुसार, यह मंदिर और पुरानी तहसील की ऐतिहासिक इमारत लगभग 1875 में निर्मित हुई थी। लगभग 150 वर्षों तक उचित देखरेख के अभाव और चारों ओर मिट्टी के भराव के कारण यह प्राचीन मंदिर आधा जमीन के अंदर धंस गया था, जिसके चलते कई वर्षों से यहां पूजा-पाठ बंद था। अब इस स्थान को एक अलौकिक और भव्य स्वरूप देने की योजना बनाई गई है। इसके तहत मंदिर का नए सिरे से निर्माण किया जाएगा, जिसमें बारीक नक्काशीदार संगमरमर, विशेष पत्थरों और लाल पत्थरों का उत्कृष्ट प्रयोग होगा। निर्माण पूरा होने के बाद भगवान भोलेनाथ के पावन शिवलिंग की पुनर्स्थापना संपूर्ण वैदिक विधि-विधान से की जाएगी। मंदिर के जीर्णोद्धार को लेकर क्षेत्रीय लोगों में भारी उत्साह है। स्थानीय निवासियों ने इसे अपनी सांस्कृतिक चेतना का पुनर्जागरण बताया है। पूर्व प्रधान रामलौट शुक्ल ने कहा, “यह मंदिर हमारे पूर्वजों की अमूल्य धरोहर है। बचपन से हम इसे मिट्टी में दबा हुआ देखते आ रहे थे, लेकिन सावन के महीने में इसके जीर्णोद्धार का संकल्प पूरा होना हमारे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।” वहीं क्षेत्र के नागरिक धर्मेंद्र सिंह ने कहा, “अस्पताल परिसर में स्थित इस मंदिर के भव्य रूप लेने से न केवल श्रद्धालुओं को पूजा-पाठ की सुविधा मिलेगी, बल्कि अस्पताल में आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी यहां असीम मानसिक शांति और ईश्वर का आशीर्वाद प्राप्त होगा।”
#बस्ती न्यूज़ टुडे
हर्रैया में 100 साल पुराने शिव मंदिर का जीर्णोद्धार शुरू:आधा भूतल में समाए मंदिर को मिलेगा नया भव्य स्वरूप
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












