बहराइच के मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र स्थित प्रतापपुर जंगल मटेरा ग्राम पंचायत में सड़क की स्थिति गंभीर हो गई है। हल्की बारिश के कारण पूरा मार्ग तालाब में बदल गया है, जिससे गांव का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इस जलभराव के कारण स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्हें कीचड़ और पानी से होकर स्कूल जाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने इस समस्या के बारे में कई बार ग्राम प्रधान को सूचित किया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। 1076 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। गांव में सफाई व्यवस्था पूरी तरह विफल है, जिसके कारण नालियां जाम हो गई हैं। गहरे गड्ढों में पानी भर गया है, जो अब घरों तक पहुंच रहा है। इससे रसोई और आंगन में भी जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। प्रेमचंद, रविप्रकाश, बलवंत कुमार, हेमंत पाल, जगदीश प्रसाद और रामलखन सहित कई स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन करेंगे। इस संबंध में ग्राम प्रधान संजय निषाद ने बताया कि यह कार्य कार्ययोजना में शामिल है, लेकिन बजट न होने के कारण रुका हुआ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
प्रतापपुर जंगल मटेरा में सड़क बनी तालाब:हल्की बारिश से आवागमन ठप, स्कूली बच्चों को परेशानी
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












