Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)चमनगंज-चरकैला मार्ग पर सड़क धंसी, व्यक्ति घायल:कई सप्ताह से मरम्मत नहीं, ग्रामीणों...

चमनगंज-चरकैला मार्ग पर सड़क धंसी, व्यक्ति घायल:कई सप्ताह से मरम्मत नहीं, ग्रामीणों में आक्रोश

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के कलवारी स्थित चमनगंज-चरकैला मार्ग पर सड़क का एक बड़ा हिस्सा कई सप्ताह से धंसा हुआ है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। दो दिन पहले इसी गहरे गड्ढे में गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में उसकी दोपहिया बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के चमनगंज चौराहे से लगभग 50 मीटर दूर स्थित यह गड्ढा बरसात के कारण और भी खतरनाक हो गया है। लगातार पानी भरने से सड़क तेजी से धंस रही है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण, स्कूली बच्चे और वाहन चालक गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। स्थानीय निवासी बाल मुकुंद उपाध्याय ने बताया कि सड़क कई सप्ताह से धंसी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग इसे गंभीरता से नहीं ले रहा है। अभिषेक यादव ने पुष्टि की कि हाल ही में एक व्यक्ति इसी गड्ढे में गिरकर घायल हुआ और उसकी बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई, फिर भी मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ। अशुतोष यादव ने जानकारी दी कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर सड़क धंसने के बाद मरम्मत कराई गई थी, लेकिन घटिया निर्माण के कारण पहली ही बरसात में यह फिर टूट गई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द मरम्मत नहीं हुई तो क्षेत्रवासी चमनगंज चौराहे पर चक्का जाम कर आंदोलन करेंगे। इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ धनंजय पाण्डेय ने फोन पर बताया कि धंसी सड़क का निरीक्षण कर जल्द ही कर्मचारियों के माध्यम से मरम्मत करा दी जाएगी। हालांकि, ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि सड़क पर तत्काल मरम्मत कार्य चाहिए ताकि भविष्य में कोई और हादसा न हो।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments