सिद्धार्थनगर के खेसरहा ब्लॉक अंतर्गत बंजरहा बुजुर्ग गांव में सड़क की हालत जर्जर हो गई है। पहली बरसात में ही सड़क पर कीचड़ और कचरे का अंबार लग गया है, जिससे राहगीरों को आवागमन में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह जलभराव और फिसलन की स्थिति बनी हुई है, जो खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए जोखिमपूर्ण हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क पिछले करीब चार वर्षों से बदहाल है, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने इस पर ध्यान नहीं दिया है। बरसात शुरू होते ही यह समस्या और गंभीर हो जाती है। गांव के निवासी भीष्म ने बताया, “सड़क की हालत इतनी खराब है कि पैदल चलना भी मुश्किल है। बारिश में पूरी सड़क कीचड़ में बदल जाती है, जिससे लोग अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं।” धनपत ने कहा, “हम लोगों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बच्चों को स्कूल जाने में बहुत परेशानी होती है।” राजू का कहना है कि यह गांव की मुख्य सड़क है, इसके बावजूद इसकी मरम्मत नहीं कराई जा रही है। दीनानाथ ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो ग्रामीणों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। ग्राम प्रधान जयप्रकाश यादव ने इस संबंध में बताया कि सड़क की मरम्मत के लिए प्रस्ताव तैयार कर संबंधित विभाग को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस पर कार्य शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराकर आवागमन को सुगम बनाया जाए, जिससे उन्हें दैनिक परेशानियों से मुक्ति मिल सके।
बंजरहा बुजुर्ग में सड़क जर्जर, ग्रामीण परेशान:चार साल से बदहाल, बारिश में आवागमन मुश्किल
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












