कानपुर । कानपुर सेंट्रल स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर देर रात एक बुजुर्ग व्यक्ति अचानक गिरकर तड़पने लगे, मौके पर मौजूद जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया और करीब 10 मिनट तक लगातार प्रयास कर उनकी हालत संभाली, पहचान पत्र से पता चला कि वह टूंडला में टीटीई के पद पर तैनात हैं, चिकित्सकों के पहुंचने के बाद उन्हें इलाज के लिए रवाना किया गया, “समय रहते सीपीआर देने से उनकी जान बच सकी।
कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक उम्रदराज व्यक्ति अचानक गिरकर तड़पने लगे। आसपास मौजूद यात्रियों में घबराहट फैल गई और तुरंत जीआरपी को सूचना दी गई।
मौके पर मौजूद जीआरपी प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह की नजर जैसे ही उस व्यक्ति पर पड़ी, उन्होंने बिना देर किए तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। उन्होंने अपने साथ मौजूद पुलिसकर्मियों को प्लेटफार्म नंबर एक स्थित अस्पताल से चिकित्सक बुलाने के लिए भेजा।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ने खुद ही प्राथमिक उपचार शुरू करते हुए पीड़ित को सीपीआर देना शुरू किया। करीब 10 मिनट तक लगातार प्रयास के बाद व्यक्ति की हालत में सुधार के संकेत मिलने लगे।
जांच के दौरान उसके पास मिले परिचय पत्र से पता चला कि वह टूंडला में टीटीई के पद पर कार्यरत हैं। इसके बाद संबंधित अधिकारियों और परिजनों को सूचना दी गई।
कुछ ही देर में मधुराज अस्पताल के चिकित्सक मौके पर पहुंचे और प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें परिजनों के साथ अस्पताल के लिए रवाना किया गया।
इस त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई और मौके पर मौजूद लोगों ने जीआरपी टीम की सराहना की।












