HomeHealth & Fitnessपत्नी से मिलने आया दामाद नाबालिग साली को लेकर फरार, परिवार में...

पत्नी से मिलने आया दामाद नाबालिग साली को लेकर फरार, परिवार में मचा हड़कंप

हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचे एक युवक पर अपनी नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप लगा है। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया, जबकि किशोरी के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी दामाद के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मामला पहासू थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव का है। पीड़ित के अनुसार उनकी बड़ी बेटी लक्ष्मी की शादी करीब पांच वर्ष पहले नरौरा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर निवासी विकास के साथ हुई थी। शादी के बाद परिवार का जीवन सामान्य रूप से चल रहा था। गर्मी की छुट्टियों में लक्ष्मी अपने बच्चों के साथ मायके आई हुई थी।

बताया गया कि गुरुवार को दामाद विकास अपनी पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान वह 14 वर्षीय नाबालिग साली को बाजार ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। काफी समय बीतने के बाद भी दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई।

परिजनों ने विकास के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। इसके बाद परिवार ने उसके पिता मनोहर से संपर्क किया, मगर वहां भी विकास के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली। पीड़ित का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी बेटी को साथ ले जाने की शिकायत की तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

घटना के बाद परेशान पिता ने शुक्रवार को पहासू थाने पहुंचकर तहरीर दी और बेटी की सकुशल बरामदगी की मांग की। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी विकास के खिलाफ अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि नाबालिग किशोरी और आरोपी युवक की तलाश के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा।पुलिस का कहना है कि किशोरी के मिलने के बाद उसके बयान और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments