बिजनौर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला विद्यालय वाहन परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विद्यालय वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन मानकों की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों में संचालित चार पहिया वाहनों की फिटनेस, वैध अभिलेखों और सुरक्षा मानकों की विशेष जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अनफिट या मानकों के विपरीत संचालित वाहनों को तत्काल नोटिस जारी किया जाए और सुधार न होने पर उनका संचालन निरस्त कर कार्रवाई की जाए।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रत्येक विद्यालय वाहन में सीसीटीवी कैमरा, फर्स्ट-एड बॉक्स,अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट और जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से उपलब्ध हो। साथ ही चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस, पुलिस सत्यापन और निर्धारित योग्यता के साथ वाहन परिचालक (अटेंडेंट) की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी , सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।












