#बस्ती_न्यूज
बस्ती में नीट और यूजीसी नेट परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर सोमवार को भारतीय विद्यार्थी मोर्चा ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शी सुधार की मांग उठाई। संगठन के जिलाध्यक्ष अमर जीत आर्य और भारतीय विद्यार्थी छात्रा प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष सोनी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यह ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने के बाद अमर जीत आर्य ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामले देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने इसे लाखों छात्रों के भविष्य और समान अवसर के अधिकार से जुड़ा विषय बताया। एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल भारतीय विद्यार्थी छात्रा प्रकोष्ठ की प्रदेश कार्यकारिणी अध्यक्ष नीलू निगम और भारत मुक्ति मोर्चा महिला विंग की जिला अध्यक्ष सरिता भारती ने एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि पहले नीट और अब यूजीसी नेट परीक्षा विवाद ने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक ने मेहनत से तैयारी करने वाले छात्रों के सपनों को तोड़ दिया है। नेताओं ने मांग की कि पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय और पारदर्शी जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने केंद्र सरकार और शिक्षा मंत्रालय की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान गोविंद कुमार, उत्कर्ष राज, खुशी, अंशिका राव, विनती, पुष्पा और रोशनी सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
नीट-नेट पेपर लीक पर छात्रों का विरोध:बस्ती से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर निष्पक्ष जांच की मांग
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












