उतरौला (बलरामपुर)। विकास खंड उतरौला के ग्राम पंचायत तिलखी बढ़या में अज्ञात कारणों से लगी आग में किसान राघवेन्द्र मिश्रा की गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। घटना से किसान को भारी नुकसान हुआ है।
दोपहर में लगी आग
बुधवार दोपहर चिलचिलाती धूप के बीच अचानक खेत में आग लग गई। खेत से धुआं उठता देख ग्रामीण आनन-फानन में आग बुझाने के लिए दौड़े। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक एक एकड़ के प्लाट में लगभग आधा गन्ना जल चुका था।
लेखपाल ने किया नुकसान का आकलन
सूचना मिलते ही क्षेत्रीय लेखपाल हेमंत कुमार जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि फसल के नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। पीड़ित किसान राघवेन्द्र मिश्रा ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
किसानों में चिंता
भीषण गर्मी और सूखे के बीच खेतों में आग की घटनाएं बढ़ रही हैं। ग्रामीणों ने बिजली के तारों और लापरवाही से आग लगने की आशंका जताई है। किसानों ने विभाग से सतर्कता बरतने और समय पर सहायता देने की मांग की है।












