Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)श्रावस्ती में मोहर्रम पर ताजिया जुलूस निकला:कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न,...

श्रावस्ती में मोहर्रम पर ताजिया जुलूस निकला:कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण संपन्न, संवेदनशील क्षेत्र में ड्रोन से निगरानी


श्रावस्ती में शुक्रवार को 10वीं मोहर्रम के अवसर पर पारंपरिक ताजिया जुलूस निकाले गए। ये जुलूस विभिन्न स्थानों से शुरू होकर अपने निर्धारित मार्गों से होते हुए तय स्थानों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात रहा और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। जुलूस के दौरान ताजियादारों ने मातम किया और ‘या हुसैन’ के नारे लगाए। मजलिसों में कर्बला की घटना का स्मरण किया गया, जिसमें इमाम हुसैन अलैहिस्सलाम और उनके 72 साथियों को यजीद की सेना द्वारा तीन दिनों तक भूखा-प्यासा रखकर शहीद कर दिया गया था। संवेदनशील क्षेत्र पिरवितनी शरीफ में बहराइच और श्रावस्ती जनपद से आए ताजिया जुलूसों का समापन देर रात्रि तक जारी रहेगा। इस क्षेत्र में श्रावस्ती और बहराइच प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर जोनल मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारियों और थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश दिए थे। उन्होंने मोहर्रम के दौरान सभी ड्यूटी प्वाइंटों पर सतर्कता बरतने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के साथ किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा था। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी ने बताया कि जनपद के सभी संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। ड्रोन कैमरों और अन्य तकनीकी माध्यमों से लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कड़ी नजर रखी जा रही है और भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments