जयपुर। जयपुर-सीकर नेशनल हाईवे (एनएच-52) पर बुधवार सुबह चौमूं इलाके में स्टेडियम के पास ब्यावरिया कट पर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से टेम्पो क्रूजर की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए।
टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो क्रूजर के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद अनियंत्रित क्रूजर सड़क किनारे बने होटल-रेस्टोरेंट में जा घुसी। इस दौरान होटल के बाहर खड़ी एक कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चौमूं थाना प्रभारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के परभणी जिले से श्रद्धालु टेम्पो क्रूजर में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। बुधवार सुबह जयपुर से सीकर की ओर जाते समय हादसा हुआ।
आगे चल रहा ट्रक अचानक लेफ्ट साइड में मुड़ा। इसी दौरान पीछे से आ रही टेम्पो क्रूजर ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे होटल में घुस गई।
उन्होंने बताया कि हादसे में शालू बाई (75), मेघा (40) और आदेश (18) निवासी हरंगुल गंगाखेड़ (परभणी, महाराष्ट्र) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों शवों को चौमूं के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हादसे में गीता देवधर, गायत्री देवधर, खुशी जावड़े, अंकिता, रितेश, ऋषिकेश, शकुंतला, सुनीता और यशोदा घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर घायलों को गाड़ी से बाहर निकाला। बाद में क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त टेम्पो क्रूजर को हटाया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। मामले की जांच जारी है।












