#बस्ती_न्यूज
बस्ती जिले के वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में गणेशपुर चौकी के पास कथित गोवंश अवशेष मिलने की सूचना पर शनिवार को कुछ समय के लिए तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगर पालिका अध्यक्ष अभिषेक वर्मा के नेतृत्व में वन विहार गेट पर एकत्र हो गए और मामले की जांच की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की गहन जांच शुरू की। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए, आसपास के इलाके की निगरानी और साक्ष्य जुटाने के लिए ड्रोन कैमरे का भी उपयोग किया गया। पुलिस की प्रारंभिक जांच और वन विभाग से मिली जानकारी के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि मौके पर मिला अवशेष गोवंश का नहीं था। जांच में सामने आया कि वह एक मृत नीलगाय के बच्चे का खुर था। अधिकारियों ने अनुमान लगाया कि किसी जंगली या आवारा जानवर द्वारा उसे वहां तक लाया गया होगा, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई। इसके बाद विश्व हिंदू महासंघ के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। संगठन के सदस्यों ने कहा कि संवेदनशील मामलों में समय पर निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने। मामला स्पष्ट होने के बाद संगठन के कार्यकर्ता शांतिपूर्वक वहां से लौट गए।
#बस्ती न्यूज़ टुडे
बस्ती में गोवंश अवशेष की सूचना से तनाव:हिंदू संगठनों का प्रदर्शन, पुलिस जांच में नीलगाय के बच्चे का खुर निकला
RELATED ARTICLES
Recent Comments
on Hello world!












