औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की मुरादगंज चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे मिले अज्ञात शव की पहचान सैदपुर अड्डा नंबर-3 निवासी कमल सिंह उर्फ छुन्ना (40) पुत्र सोनेलाल के रूप में होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
करीब एक माह से लापता कमल का शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया है। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका भी जताई जा रही है।
पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी तथ्यों के आधार पर मामले की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कमल सिंह हरियाणा के पानीपत स्थित एक मुर्गी फार्म में काम करता था। वह 25 जून 2026 को घर जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन अपने पैतृक गांव सैदपुर अड्डा नंबर-3 नहीं पहुंचा।
काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद से परिवार लगातार उसकी तलाश में जुटा रहा।
बीते शनिवार को अजीतमल कोतवाली क्षेत्र की मुरादगंज चौकी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे पूर्व विधायक के जर्जर होटल के पास सुनसान स्थान पर एक अज्ञात शव बरामद हुआ था।
शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षत-विक्षत हो चुका था। मंगलवार को परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और विभिन्न पहचान चिन्हों और हाथ पर गुदे नाम के आधार पर शव की शिनाख्त लापता बेटे कमल सिंह के रूप में की।
पहचान के बाद पोस्टमार्टम हुआ और बुधवार की देरशाम अंतिम संस्कार किया गया। मृतक कमल सिंह अपने पीछे पत्नी सुनीता और तीन बच्चे मोहिनी (12), किशन (9) और हर्ष (7) को छोड़ गया है।
घटनास्थल की परिस्थितियों और शव की स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों के बीच हत्या कर शव सुनसान स्थान पर फेंके जाने की चर्चा है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।












