Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)रात्रिकालीन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं गूंजीं:सीडीओ ने सुनी शिकायतें, अधिकारियों को...

रात्रिकालीन चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं गूंजीं:सीडीओ ने सुनी शिकायतें, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

#बस्ती_न्यूज

बस्ती के हरैया ब्लॉक स्थित पुरैना खास गांव में प्रशासन ने रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं की जानकारी देना और ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना था। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे। चौपाल में जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना, मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) सार्थक अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि सरोज बाबा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा और हर्रैया ब्लॉक प्रमुख योगेंद्र सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे। विभिन्न विभागों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। पैकोलिया थाना प्रभारी अजय कुमार यादव के नेतृत्व में चौपाल की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने खुलकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। ग्रामवासी रेनू ने बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की। समीरून्निशा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने का अनुरोध किया, जबकि शफीकुन्निशा ने अपने पशुओं के लिए चन्नी (चारा) की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई। मुबारक अली, अब्दुल सत्तार और जहीरूद्दीन सहित कई अन्य ग्रामीणों ने भी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की। शाश्वत सिंह ने गांव की सड़क के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर जोर देते हुए सीडीओ से कार्रवाई का निवेदन किया। रणजीत सिंह ने छुट्टा पशुओं की समस्या उठाई, और डॉ. के.के. सिंह ने जल निगम की पाइपलाइन से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। कार्यक्रम के अंतिम चरण में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।
#बस्ती न्यूज़ टुडे

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments