देवरिया। भाजपा के वरिष्ठ एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘कार्यकर्ता प्रेरणा सम्मान’ अभियान के तहत एडवोकेट संतोष तिवारी ने गौरीबाजार मंडल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना और संगठन व समाज के प्रति उनके दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया।
अभियान के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सेक्टर प्रभारी दिनेश पांडेय उर्फ दिग्गी बाबा, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र राय, सेक्टर प्रभारी मुन्ना राय, सेक्टर संयोजक दिनेश उपाध्याय, सेक्टर प्रभारी सूर्यनारायण राय, धर्मेंद्र सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष नारद राय, पूर्व मंडल अध्यक्ष आदित्य सिंह तथा सेक्टर संयोजक कपिलदेव सिंह से मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर संतोष तिवारी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके निष्ठावान कार्यकर्ता हैं। वर्षों से संगठन को मजबूत करने में अपना समय, श्रम और ऊर्जा लगाने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अनुभव नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। उनका सम्मान संगठन की जड़ों और विचारधारा का सम्मान है।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता प्रेरणा सम्मान महज सम्मान का कार्यक्रम नहीं, बल्कि वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के अनुभवों से सीखने और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने का अभियान है। कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद और जनता के बीच सक्रिय उपस्थिति संगठन की मजबूती का आधार है।
तिवारी ने कहा कि उनका लक्ष्य देवरिया सदर विधानसभा क्षेत्र की जनता के बीच लगातार रहकर उनकी समस्याओं को समझना, सुझाव लेना और जनसेवा के प्रयासों को और व्यापक बनाना है। इस दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ क्षेत्र के सामाजिक और विकास संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा हुई।












