श्रावस्ती जनपद के इकौना तहसील क्षेत्र के सेमगढ़ा स्थित बेहनन पुरवा गांव में ईदगाह के पास एक छोटी गली ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। यह गली लंबे समय से कीचड़ और पानी से भरी है, जिससे लोगों का पैदल निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, ईद और बकरीद की नमाज के दौरान नमाजियों को भी इसी रास्ते से आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। आसपास के निवासियों को प्रतिदिन इसी जर्जर रास्ते से गुजरना पड़ता है। कई बार लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं। गांव के मोइनुद्दीन, तौसीफ आलम, सिराज अली, राजेश कुमार और सरताज अली ने बताया कि गली की हालत लंबे समय से खराब है। उन्होंने यह भी बताया कि इस समस्या के बारे में कई बार ग्राम प्रधान और संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया है, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द इस गली की मरम्मत कराने और जलभराव व कीचड़ की समस्या को दूर करने की मांग की है।
बेहनन पुरवा में ईदगाह के पास गली जर्जर:कीचड़ और पानी से भरी, ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी
RELATED ARTICLES












