Homeउत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh)बहराइच के हरदी में दो घरों से लाखों की चोरी:एक ही रात...

बहराइच के हरदी में दो घरों से लाखों की चोरी:एक ही रात में नकदी और जेवर पार, पुलिस जांच में जुटी


हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम गोपचन्दपुर में सोमवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले गोपचंदपुर निवासी राजेश कुमार तिवारी पुत्र गोमती प्रसाद तिवारी के घर को निशाना बनाया। उन्होंने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे लगभग 5 से 6 लाख रुपये नकद, 2 से 3 तोला सोने के आभूषण (6 ठप्पे वाला), एक सोने की माला, दो सोने की चेन, दो सोने की अंगूठी, 12 चांदी के सिक्के, दो जोड़ी पायल और 5-6 जोड़ी चांदी की बिछिया चुरा लीं। उसी रात चोरों ने गांव के ही पंकज कुमार पुत्र विजय बहादुर बाजपेई के घर में भी सेंध लगाई। चोर दीवार के सहारे छत पर चढ़े और जीने के रास्ते घर के अंदर घुस गए। उन्होंने कमरे का ताला तोड़कर दो अलमारियों के लॉकर कटर से काट डाले। यहां से चोर 30,000 रुपये नकद, एक सोने का हार, तीन सोने के लॉकेट, एक सोने की अंगूठी, चार जोड़ी चांदी की पायल और आठ जोड़ी बिछिया लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नींद खुली, तो उन्होंने टूटे ताले और बिखरा सामान देखा, जिससे उन्हें चोरी का पता चला। पीड़ितों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीओ महसी पवन कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही इन वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश और भय का माहौल है। इसी क्रम में, हरदी थाना से लगभग 500 मीटर दूर स्थित प्राथमिक विद्यालय हरदी द्वितीय में भी ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान चोरी हुई। अराजक तत्वों ने तीन कमरों और स्टोर रूम के ताले व कुंडी तोड़कर 6 पंखे चुरा लिए। स्टोर रूम में रखे बक्से के तालों को भी तोड़कर सामान के साथ छेड़छाड़ की गई। विद्यालय आज ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद फिर से खोला जा रहा है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments