HomeHealth & Fitnessउद्योगों की समस्याओं का हो त्वरित समाधान, निवेश और रोजगार बढ़ाने पर...

उद्योगों की समस्याओं का हो त्वरित समाधान, निवेश और रोजगार बढ़ाने पर जोर : डीएम

  • सरकारी योजनाओ को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक

बिजनौर। जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति, जिला निर्यात समिति, एमओयू क्रियान्वयन तंत्र, पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान एवं एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की प्राथमिकता वाली सभी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि औद्योगिक विकास, निवेश संवर्धन, रोजगार सृजन और निर्यात वृद्धि जनपद के समग्र विकास की आधारशिला हैं। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें। उद्योग बंधु समिति की समीक्षा के दौरान उन्होंने उद्यमियों की समस्याओं एवं लंबित प्रकरणों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को गति मिल सके।

जिला निर्यात समिति की समीक्षा में डीएम ने जनपद के निर्यात की संभावनाओं का अधिकतम उपयोग करने तथा निर्यातकों को आवश्यक सुविधाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। वहीं एमओयू क्रियान्वयन तंत्र की समीक्षा करते हुए निवेश परियोजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

पीएम गतिशक्ति नेशनल मास्टर प्लान के तहत आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर बल देते हुए डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा में अधिकारियों को अधिक से अधिक युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। 

वहीं ओडीओपी योजना के तहत जनपद के पारंपरिक उत्पादों के उत्पादन, विपणन और ब्रांडिंग को बढ़ावा देने तथा स्थानीय उद्यमियों एवं शिल्पकारों को अधिकतम लाभ दिलाने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, उपायुक्त उद्योग अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा उद्योग एवं व्यापार बंधु के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments