*संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को मिली बड़ी कामयाबी, भेजे गए जेल।*
रिपोर्ट:हेमन्त कुमार दुबे।
महराजगंज।पनियरा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए तत्पर पनियरा थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए तीन शातिर चोरों को दबोचने में सफलता पाई है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन गाड़ियां बरामद कर पुलिस ने बड़ी वारदातों का खुलासा किया है।
थानाध्यक्ष पनियरा संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित टीम आज बाकी बंधा नहर तिराहे पर मुस्तैदी से चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास कर रहे तीन युवकों को जवानों ने घेराबंदी कर दौड़ाकर पकड़ लिया। पकड़े गए शातिरों की पहचान विजय जायसवाल (52 वर्ष), जलालु (23 वर्ष) और राजा बाबू (21 वर्ष) के रूप में हुई है।
आरोपियों की निशानदेही पर पैशन प्रो (UP53BN8328), स्प्लेंडर प्लस (UP56S9862) और एचएफ डीलक्स (UP56V1996) बरामद की गई। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। इस सराहनीय कार्य के लिए उप-निरीक्षक संजय कुमार सिंह, शशिकांत यादव, रमेश चन्द्र चौधरी समेत पूरी टीम की पीठ थपथपाई गई है।












