HomeHealth & Fitnessपलामू में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत

पलामू में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 4 लोगों की दर्दनाक मौत

पलामू। झारखंड के पलामू जिले में रविवार शाम से देर रात तक हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

सभी शवों का पोस्टमार्टम मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में कराया गया है। पुलिस के अनुसार, पांकी थाना क्षेत्र में रविवार को दो अलग-अलग स्थानों कोनवाई और तेतराई में हुए सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई।

कोनवाई बांदुबार गांव के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान कोनवाई निवासी रूपक सिंह (शिक्षक विजय सिंह के पुत्र) और कृत रौशन (पिता-जगन्नाथ सिंह) के रूप में हुई है।

तेतराई गांव में तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे लेसलीगंज थाना क्षेत्र के नौडीहा निवासी चंदन कुमार (पिता-सिलवंत राम) की मौके पर ही मौत हो गई। एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति में मेदिनीनगर रेफर किया गया है।

पुलिस ने दोनों घटनाओं में संबंधित वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। तीसरी घटना नावा जयपुर थाना क्षेत्र में हुई, जहां 75 वर्षीय शीतल महतो की सड़क हादसे में मौत हो गई। वे घोरीघाट बाजार से सब्जी बेचकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।

गंभीर रूप से घायल शीतल महतो को एमएमसीएच लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वे धनगरडीहा गांव के निवासी थे। परिजनों के अनुसार, हादसा शाम करीब 6:30 बजे घर से लगभग एक किलोमीटर पहले हुआ। बाइक चालक की पहचान कर ली गई है।

लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण ऐसी दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

घटना की सूचना मिलने पर भाजपा नेत्री लवली गुप्ता पांकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और गति सीमा का पालन करें।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments