HomeHealth & Fitnessतिहरा हत्याकांड,छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और मासूम की ली जान

तिहरा हत्याकांड,छोटे भाई ने बड़े भाई, भाभी और मासूम की ली जान

गोरखपुर। बांसगांव थाना क्षेत्र में रविवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। आरोप है कि 16 वर्षीय छोटे भाई ने अपने बड़े भाई, भाभी और उनके मासूम बच्चे की धारदार हथियार से हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान अमित गुप्ता, उनकी पत्नी रंजना गुप्ता और 3 वर्षीय पुत्र रेयान गुप्ता के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना रविवार देर रात करीब 3 बजे की है, जब तीनों एक ही कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी छोटे भाई ने धारदार हथियार से हमला कर तीनों की हत्या कर दी।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ, एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की।

एसपी दक्षिणी दिनेश कुमार पुरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत हो रहा है। मृतक के पिता की तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी बाल अपचारी को हिरासत में ले लिया है और उसके पास से घटना में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद कर लिया गया है।

पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में दहशत और शोक का माहौल है। स्थानीय लोग इस जघन्य वारदात से स्तब्ध हैं और परिवार के प्रति संवेदना जता रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को कानून के अनुसार दंडित किया जाएगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments